*गौरेला-पेंड्रा-मरवाही* । राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक दवा खिलाने का अभियान शुरू किया गया है।
इसी क्रम में पेंड्रा ब्लॉक के कन्या हाई स्कूल में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जालान ने बच्चों को एलबेंडाजोल 400 मिलीग्राम की गोली खिलाकर किया। इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए. आई. मिंज ने बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
अभियान के तहत जिले के शासकीय अस्पतालों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों सहित निर्धारित स्थानों पर बच्चों को कृमिनाशक दवा का सेवन कराया जा रहा है। वहीं मितानिनों द्वारा घर-घर पहुंचकर भी लोगों को कृमि संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का उद्देश्य बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से मुक्त कर उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार करना, एनीमिया की रोकथाम तथा उनके शारीरिक और बौद्धिक विकास को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही बच्चों की विद्यालय में उपस्थिति और सीखने की क्षमता में सुधार लाना भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रा, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर अरविंद सोनी, बीईटीओ शांति कसीशिया, आरएमए नितेश गुप्ता, एमटीएस उत्तम सिंह सहित स्कूल के प्राचार्य एवं स्टाफ की सहभागिता रही।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, भोजन से पहले और शौचालय के बाद साबुन से हाथ धोने, स्वच्छ पानी का उपयोग करने तथा आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की है।



