Home छत्तीसगढ़ बाल संदर्भ शिविर में 43 कुपोषित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण

बाल संदर्भ शिविर में 43 कुपोषित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण

0

*गंभीर कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराने हेतु किया गया प्रेरित, पोषण वाटिका में फल-सब्जियों के पौधों का रोपण*

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 10 सितंबर 2026/ जिले में कुपोषण की रोकथाम एवं बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संचालित गतिविधियों के तहत आज लालपुर पंचायत अंतर्गत निहारको एवं लालपुर सेक्टर के दूरस्थ ग्रामों से आए कुपोषित बच्चों के लिए बाल संदर्भ शिविर आयोजित किया गया। शिविर में चिकित्सकों द्वारा बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में अंधियारखो सेक्टर के 12 गंभीर एवं 15 मध्यम कुपोषित, तथा लालपुर सेक्टर के 6 गंभीर एवं 10 मध्यम कुपोषित, कुल 43 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों द्वारा बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां प्रदान की गईं। साथ ही माताओं को बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं संतुलित आहार के संबंध में आवश्यक परामर्श दिया गया। गंभीर कुपोषित बच्चों के बेहतर उपचार एवं पोषण पुनर्वास के लिए उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने हेतु प्रेरित किया गया।
*पोषण वाटिका में फल-सब्जियों के पौधों का रोपण*

बाल संदर्भ शिविर के पश्चात पोषण माह के अंतर्गत निर्धारित गतिविधि के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण वाटिका विकसित करने के उद्देश्य से मुनगा, पपीता, नींबू, अमरूद, कटहल एवं आंवला सहित विभिन्न फल एवं सब्जियों के पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं उपस्थितजनों ने पोषण वाटिका के पौधों की नियमित देखभाल एवं सिंचाई सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। पोषण वाटिका के माध्यम से स्थानीय स्तर पर पौष्टिक फल एवं सब्जियों की उपलब्धता बढ़ाने तथा बच्चों एवं माताओं के पोषण स्तर में सुधार लाने की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं।